युवा वै‍ज्ञानिक कार्यक्रम (युविका-2019) का उद्घाटन
होम / प्रेस विज्ञप्ति


डॉ. कै. शिवन, अध्‍यक्ष, इसरो ने 13 मई, 2019 को इसरो मुख्‍यालय बेंगलूरु से वीडियो प्रणाली के जरिए युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम (युविका-2019) का उद्घाटन किया।

भारत के प्रत्‍येक राज्‍य तथा केंद्र शासित राज्‍य का प्रतिनिधित्‍व करते हुए कुल 110 विद्यार्थी इस कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं। प्रतिभागी विद्यार्थी इसरो/अंतरिक्ष विभाग के चार केंद्रों/यूनिटों यथा विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र (वी.एस.एस.सी.), तिरूवनंतपुरम; यू. आर. राव उपग्रह केंद्र (यू.आर.एस.सी.), बेंगलूरु; अंतरिक्ष उपयोग केंद्र (सैक), अहमदाबाद तथा उत्तर पूर्वी अंतरिक्ष उपयोग केंद्र (एन.ई.सैक), शिलांग में दो सप्‍ताह के आवासीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी भारत के अंतरिक्ष पत्तन सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र (एस.डी.एस.सी.), श्रीहरिकोटा को भी देखने जाएंगे।

युविका कार्यक्रम का उद्देश्‍य अंतरिक्ष गतिविधियों के उभरते हुए क्षेत्र में युवाओं की रूचि पैदा करने की मंशा से उन्‍हें अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष विज्ञान तथा अंतरिक्ष अनुप्रयोगों पर मूलभूत ज्ञान प्रदान करना है। दो सप्‍ताह तक चलने वाले आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में आमंत्रितों द्वारा व्‍याख्‍यान, प्रसिद्ध वैज्ञानिकों द्वारा अनुभव साझा करना, सुविधा तथा प्रयोगशाला देखने जाना, प्रशिक्षण में मदद, विशेषज्ञों के साथ विमर्श हेतु विशिष्‍ट सत्र तथा प्रतिपुष्टि सत्र शामिल होंगे।

कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए अध्‍यक्ष, इसरो ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए यह एक महत्‍वपूर्ण विज्ञान कार्यक्रम है। उन्‍होंने कहा कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में वैज्ञानिक चिंतन पैदा करने में सहायक होगा। उन्‍होंने दोहराया कि किसी देश के विकास के लिए विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी आवश्‍यक घटक हैं तथा मानव प्राणियों की सुरक्षा तथा बचाव सहित जीवन की गुणवत्ता सुधारने में एक महत्‍वपूर्ण भूमिका अदा करते हैं। डॉ. शिवन ने अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के अनुप्रयोगों पर भी चर्चा की तथा बताया कि किस प्रकार यह आपदा के समय जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के अतिरिक्‍त आम आदमी की दैनंदिन गतिविधियों में सहायता कर रहा है। अध्‍यक्ष, इसरो ने यह भी कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम राष्‍ट्रीय एकता तथा राष्‍ट्र निर्माण में भी अग्रणी होंगे। उन्‍होंने कामना की कि युविका कार्यक्रम से प्रत्‍येक वर्ष वैज्ञानिकों की अच्‍छी संख्‍या में बढ़ोत्तरी होगी। डॉ. शिवन ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी तथा 17 मर्इ, 2019 को एस.डी.एस.सी., शार श्रीहरिकोटा में ''युविका संवाद'' के दौरान उनसे मिलने का वायदा किया।

छवि गैलरी of युविका-2019 उद्घाटन

isro image isro image isro image isro image